दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर में अलग अलग बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो युवक घायल हो गए। परिजन घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहीं पुलिस ने मृतकों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तालिब की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
बैरमपुर खजूरी निवासी तालिब (26) और समीर (22) किसी काम से नहटौर आए थे। देर शाम लौटते वक्त उनकी बाइक पैजनिया रोड पर गांव मानकपुर की पुलिया के पास सामने से आ रहे मच्छमार निवासी इरफान (18) और ग्राम लकडा निवासी सनव्वर (16) की बाइक से टकरा गई। घटना में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने तालिब और इरफान को मृत घोषित कर दिया।
घायलों को अस्पताल ले जाती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
वहीं समीर और सनव्वर की हालत को गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले गए। पुलिस ने दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सर्वम सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। घटना से परिजनों में शोक व्याप्त हो गया है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
क्षतिग्रस्त हुई एक बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
परिजनों पर टूटा गम का पहाड़
ग्रामीणों के अनुसार दुर्घटना में जान गवाने वाला इरफान पांच बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट गया। परिजनों ने बताया कि इरफान व सनव्वर किसी काम से पैजनिया गए थे। इरफान की बहनों की चीख-पुकार सुनकर कलेजा कांप उठा।