बदायूं निवासी योगेंद्र सिंह अपने पुत्र अरनीत का मुंडन संस्कार कराने के लिए परिजनों और रिश्तेदारों को साथ लेकर हरिद्वार गए थे। बुधवार दोपहर वापस घर लौट रहे थे। बिजनौर में बालापुर के पास हादसा हो गया।
हरिद्वार में बच्चे का मुंडन संस्कार कराकर लौट रहे एक परिवार की कार बुधवार को नूरपुर रोड पर बालापुर के पास सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चों सहित 13 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
विज्ञापन
परिजनों के अनुसार, जनपद बदायूं के गांव गोत्रा निवासी योगेंद्र सिंह उर्फ अन्नू अपने पुत्र अरनीत का मुंडन संस्कार कराने के लिए मंगलवार शाम बरेली के थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गुला स्थित अपनी ससुराल से परिजनों और रिश्तेदारों को साथ लेकर हरिद्वार गए थे। बुधवार सुबह मुंडन संस्कार के बाद सभी ने गंगा स्नान किया और दोपहर को वापस घर के लिए रवाना हो गए।
बताया गया कि नूरपुर रोड पर बालापुर के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद योगेंद्र के साले सूरज चौहान की पत्नी रश्मि (30) को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सूरज चौहान को बाद में बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज मेरठ भेजा गया है।
पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर चालक रोहताश को हिरासत में ले लिया गया। हादसे के कारण कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। नायब तहसीलदार राजकमल, राजस्व निरीक्षक योगेन्द्र कुमार, लेखपाल विपिन कुमार भी मौके पर पहुंचे तथा घटना के विषय में जानकारी ली। नायब तहसीलदार राजकमल ने बताया कि विधिक कार्रवाई कराई जा रही है।