शहर के नामचीन लोहा कारोबारी दो भाइयों की मुश्किल कम होने का नाम नहीं ले रही है। दरअसल अलग रह रही पत्नी ने धोखाधड़ी करते हुए स्कॉर्पियो खरीदने में पति, जेठ और पति की प्रेमिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है कि उसके पति के एक महिला से अनैतिक संबंध हैं, उसी ने शोरूम से इस कार डिलीवरी ली थी।
मोहल्ला बुखारा के रहने वाले जहीर अहमद बड़े लोहा कारोबारी है। उनके बेटे फरहान और सलीम भी यही कारोबार देखते हैं। दिल्ली मायके में रह रही फरहान की पत्नी रुखसार ने शहर कोतवाली में पति फरहान, जेठ सलीम और सोतीगंज निवासी महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
आरोप है कि फरहान के इस महिला से अनैतिक संबंध हैं। कहा कि उसके फोटो और आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हुए स्कॉर्पियो एन गाड़ी खरीदी। गाड़ी की डिलीवरी तीस जून को महिला ने ले ली। इसके साथ ही गाड़ी का पंजीकरण कराने के लिए उसके फर्जी हस्ताक्षर बनाए गए जबकि वह एआरटीओ कार्यालय गई ही नहीं।
जिस वक्त यह गाड़ी खरीदी गई थी, उस दौरान 11 जून 2025 से 7 जुलाई तक वह मुंबई में रही। इससे पांच महीने पहले दिसंबर में मारपीट करते हुए उसे घर से निकाल दिया था। धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उक्त गाड़ी का इस्तेमाल कश्मीर या राजस्थान में भेजकर कोई घटना कराई जा सकती है।
बता दें कि पीड़िता इससे पहले भी एक और प्राथमिकी दर्ज करा चुकी थी, जिसमें ससुर पर रेप का आरोप था। उस मामले में पति व अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए गए थे। उधर लोहा कारोबारी फरहान ने बताया कि गाड़ी की डिलीवरी लेने के लिए रुखसार ने ही अलका यादव से कहा था, सभी आरोप निराधार है। गाड़ी मेरे पास ही है।