उम्र क्या है, मात्र एक अंक है जो बढ़ता तो है, पर हौंसला हो तो गुलदार जैसा खूंखार जानवर 60 वर्षीय बुजुर्ग के आगे हार मान लेता है। जी हां, मामला बिजनौर में नगीना के गांव फतेहपुर का है। घास काट रही राजो देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया। हमले में खून से लथपथ हुई राजो देवी ने पास से गन्ना उठाया और एक के बाद एक गुलदार पर कई वार कर दिए। उसके हौंसले के आगे पस्त गुलदार हार मान गया और वहां से भाग खड़ा हुआ।
नगीना थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर में जगदीश की 60 वर्षीय पत्नी राजो देवी शनिवार की शाम करीब 5:30 बजे गांव में खेत पर घास काटने गई थी। जिस समय वह खेत पर घास काट रही थी, तभी पीछे से आए एक गुलदार ने उस पर पंजे से जोरदार वार किया। इस हमले में राजो देवी खून से लथपथ हो गई। इसके बावजूद बिना विचलित हुए उन्होंने पास पड़ा एक गन्ना उठा लिया। राजो देवी ने बताया कि इसके बाद उसने गुलदार पर गन्ने से एक के बाद एक कई वार किए। जैसे ही गुलदार उसकी तरफ बढ़ता, वह गन्ने से उस पर वार कर देती। साथ ही साथ वह शोर भी मचाती रही। शोर सुनकर ग्रामीण भी वहां पहुंच गए, इसके बाद गुलदार महिला को छोड़ खेत में भाग गया।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar: सात साल के मासूम की हत्या, ईंख के खेत में पड़ी मिली लाश, धूमधाम से मनाया था बेटे का जन्मदिन