बिजनौर जनपद के बढ़ापुर में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। यहां दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मौत हो गई। इनके अलावा एक घायल हुआ है। बाइक सवार बाप-बेटा शादी के कार्ड बांटने के लिए रिश्तेदारी में जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।
बढ़ापुर के गांव सादातपुर गढ़ी निवासी नफीस अहमद अपने बेटे शाहरुख इस्लाम के साथ बाइक द्वारा गांव रामजीवाला जा रहे थे। बताया गया कि तीन मार्च को शाहरुख की शादी है, जिसकी शादी का कार्ड रिश्तेदारी में देना था। उधर, मंडावली थाना क्षेत्र के गांव नारायणपुर रतन निवासी सलीम गांव इस्लामगढ़ में अपने भांजे समीर की बरात में शामिल होने के लिए दोस्त तहसीम के साथ बाइक से गांव इस्लामगढ़ जा रहा था।
बढ़ापुर-शाहलीपुर कोटरा मार्ग पर गांव नूरपुर अरब के समीप गगन ईंट भट्ठे के सामने दोनों बाइकों की आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में नफीस अहमद (48) पुत्र अब्दुल हमीद और उसके पुत्र शाहरुख इस्लाम (22) और दूसरी बाइक पर सवार तहसीम (42) पुत्र इब्राहिम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सलीम गंभीर रूप से घायल हो गया।