बेगमपुरा एक्सप्रेस में सफर के दौरान एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दे दिया। ट्रेन के कोच में प्रसव होने की सूचना पर नगीना रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकवाकर महिला को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। यहां स्टाफ नर्सों ने महिला और नवजात की देखभाल की। बुधवार को जच्चा और बच्चा स्वस्थ मिलने पर परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
लखनऊ के मलिहाबाद थाना क्षेत्र के गणेशपुर निवासी नीरज की पत्नी सुमेला अपनी सास और ससुर के साथ बेगमपुरा एक्सप्रेस से लुधियाना से लखनऊ जा रही थीं। वह गर्भवती थीं। मंगलवार रात नजीबाबाद से ट्रेन रवाना होने के बाद उन्हें प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसी दौरान उन्होंने ट्रेन के एस-5 कोच में बच्चे को जन्म दे दिया।
मंगलवार रात 12:05 बजे मुरादाबाद कंट्रोल रूम से नगीना स्टेशन मास्टर को ट्रेन के एस-5 कोच में महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना मिली। इसके बाद नगीना स्टेशन पर ठहराव नहीं होने के बावजूद ट्रेन को रुकवाया गया और महिला को उतारकर एंबुलेंस से सीएचसी भेजा गया।
रात करीब साढ़े 12 बजे 108 एंबुलेंस के चालक शुभम और ईएमटी अंकुर महिला को सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां लेबर रूम में स्टाफ नर्स पूजा और मीनाक्षी ने महिला और नवजात की देखभाल करते हुए प्रसव के बाद आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की।
सीएचसी प्रभारी डॉ. विशाल दिवाकर ने बताया कि महिला ने सामान्य प्रसव से पुत्र को जन्म दिया है। बुधवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे जच्चा और बच्चा पूरी तरह स्वस्थ मिलने पर उन्हें महिला के सास-ससुर के साथ घर भेज दिया गया।