विधानसभा चुनाव को लेकर की जा रही तैयारियां अंतिम दौर में हैं। शांति पूर्वक चुनाव कराने के लिए बिजनौर पुलिस ने निरोधात्मक कार्रवाई की है। जिसमें 9756 लाइसेंसी असलाह जमा कराया चुका है जबकि 88 जमा होने से बाकी है। हालांकि इसमें कुछ रसूखदार सुरक्षा कारणों का हवाला देकर जमा करने से बचना चाह रहे हैं। जिस पर स्क्रीनिंग कमेटी विचार करेगी।
चुनाव कराने के लिए जिले को 250 सेक्टर में बांटा गया है। सभी सेक्टर प्रभारी बूथों पर जाकर चौपाल लगा रहे हैं। जिसमें बूथ के आस पास रहने वाले लोगों को हिदायत दी जा रही है। वहीं उस बूथ के संबंध में पिछला रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। साथ ही मुचलका पाबंद के लिए 80 हजार लोगों की लिस्ट तैयार की गई हैं। जिनमें पचास हजार से अधिक लोगों को पाबंद का नोटिस थमाया जा चुका है।
यह भी पढ़ें : यूपी चुनाव 2022 : बागपत से रालोद-सपा ने अहमद हमीद को उतारा, बड़ौत व छपरौली पर फंस रहा पेंच, जल्द घोषित होंगे प्रत्याशी
उधर, अब 9756 लाइसेंसी असलहा को जमा कराया जा चुका है। 2867 लोग सुरक्षा कारणों का हवाला देकर असलहा जमा कराने से छूट के लिए स्क्रीनिंग कमेटी के पास पहुंचे हैं। जिसमें एसडीएम और सीओ तय करेंगे कि असलहा जमा होना है या नहीं। चुनाव को देखते हुए 197 लोगों के खिलाफ गुंडाएक्ट की कार्रवाई की गई है। जिनमें 163 को जिलाबदर किया जा चुका है।
25 आरोपियों के लिखाफ गैंगस्टर के नौ मामले दर्ज हुए हैं। करीब 200 अवैध असलहा भी अलग अलग थानों की पुलिस ने पकड़ा है। 810 आरोपी गैर जमानती वारंट वाले गिरफ्तार किए गए हैं। इसके अलावा चुनाव के चलते चलाए गए अभियान में कच्ची शराब की 27 भट्टी इसी महीने नष्ट कराई जा चुकी हैं।