मोबाइल पर नया गेम डाउनलोड करके के बाद आए लिंक पर दस साल के बालक ने क्लिक किया तो पिता के खाते से नौ लाख रुपये उड़ गए। शिक्षक की ओर से प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जिस खाते में रकम गई है, उसे फ्रीज करा दिया है।
बिजनौर शहर की इंद्रलोक कॉलोनी में रहने वाले प्राथमिक स्कूल के शिक्षक ने प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें नौ लाख की साइबर ठगी का आरोप लगाया गया। शिक्षक ने बताया कि उनके दस साल के बेटे को मोबाइल पर गेम खेलने का शौक है। कुछ दिन पहले उसने एक गेमिंग एप पर क्लिक किया। क्लिक करते हुए एक ओटीपी आया, फोन करके साइबर ठगों ने उक्त ओटीपी के बारे में मालूम कर लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से यूपीआई के जरिये कुल नौ लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
हालांकि इसी बीच उनके बेटे ने मैसेज आने की बात बता दी। शिक्षक ने बताया कि ठगी होने के पांच मिनट के अंतराल में उन्होंने साइबर क्राइम के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी थी। जिसके चलते आरोपियों के खातों में पहुंचा पैसा फ्रीज हो गया है।
उधर, पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि राजस्थान में स्थित एक बैंक शाखा में उक्त पैसा गया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस अब रकम के लेनदेन, संबंधित बैंक खाते और आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर समेत अन्य पहलुओं पर जांच कर रही है।
ये भी देखें...
बिजनौर: नहाते समय टुल्लू पंप में करंट आने से वनकर्मी की मौत, परिवार का एकमात्र सहारा थीं सोनम