नजीबाबाद में भाकियू भानु ने गन्ना मूल्य भुगतान सहित कई मांगों को लेकर तहसील में धरना दिया। किसानों ने नौ सूत्रीय ज्ञापन डीएम को सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन भानु के जिलाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव चौधरी विजय सिंह के नेतृत्व में किसानों ने तहसील परिसर में धरना दिया। जिला महासचिव वीर सिंह के संचालन किसानों ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसानों की उपेक्षा का आरोप लगाया। धरना दे रहे किसानों तहसील दिवस में पहुंची डीएम बी.चंद्रकला को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में 280-290 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से गन्ना भुगतान करने, गन्ना खत्म होने तक पेराई सत्र जारी रखने, नहरों में पानी छोड़ने, बिजली चोरी के नाम पर किसानों का उत्पीड़न बंद करने, 18 घंटे बिजली आपूर्ति देने, फुंके ट्रांसफार्मर 72 घंटे के भीतर बदलने, खस्ताहाल संपर्क मार्ग बनाने, चीनी मिलों से मैली सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने, उपभोक्ताओं को राशन सामग्री उपलब्ध कराने, रामपुर चाठा में बिजली, पानी, सड़क के साथ मूलभूत आवश्यकताएं उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष रणधावा सिंह, रामकुमार, एम.हलीम दानिश, चौधरी राजेंद्र सिंह, डॉ.महमूद हसन, मनफूल त्यागी, योगेंद्र राठी, मंगू सिंह, धर्मपाल सिंह, डोरी पहलवान, महावीर पाल, ओमकार आजाद ने भाग लिया।