भागूवाला/नांगलसोती (बिजनौर)। गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से निकालने की मांग को लेकर भाकियू अराजनैतिक ने भागूवाला से जन जागरण अभियान की शुरुआत की। किसानों ने चेताया कि यदि प्रभारी मंत्री ने जिले के विकास में बाधा उत्पन्न की तो जिले में उनका विरोध किया जाएगा।
भागूवाला में आयोजित बैठक में भाकियू अराजनैतिक के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी दिगंबर सिंह ने कहा कि नजीबाबाद आगमन के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से निकालने की घोषणा की थी, लेकिन जिले के प्रभारी मंत्री जिले के विकास कार्य में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। प्रभारी मंत्री गंगा एक्सप्रेसवे को मुजफ्फरनगर से निकलवाना चाहते हैं। बैठक में किसानों ने निर्णय लिया कि यदि प्रभारी मंत्री ने जिले के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न की तो उनका जिले में विरोध किया जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष बलराम सिंह ने कहा कि गांव-गांव बैठक कर गंगा एक्सप्रेसवे को बिजनौर से निकालने को लेकर किसानों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से गंगा एक्सप्रेसवे की मांग को जोर-शोर से उठाने की अपील की।