क्वारंटीन कैंपों में सभी से हो सम्मानजनक व्यवहार: डीएम
बिजनौर। डीएम ने कहा कि क्वारंटीन कैंपों में मौजूद तबलीगी जमात के लोगों सहित अन्य से सम्मानजनक व्यवहार हो। उनके घर से अगर कपड़े, साबुन आदि सामान आता है तो उसे लेकर संबंधित व्यक्ति तक पर्ची लगाकर पहुंचाएं। डीएम ने एडीएम को सभी क्वारंटीन कैंप पर प्रभारी अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम रमाकांत पांडेय ने कहा कि कोई भी व्यक्ति लॉकडाउन का उल्लंघन न करें। घर से बाहर निकलने वाले व्यक्ति के लिए मास्क अनिवार्य है। अगर कोई व्यक्ति बिना किसी कार्य के घर से बाहर निकले तो उसके खिलाफ कार्रवाई हो। उन्होंने औषधि निरीक्षक को निर्देश दिए कि अगर कोई मेडिकल स्टोर संचालक ज्यादा रेट पर दवा बेचे तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ईओ को नगीना रोड स्थित एफसीआई के गोदाम के चारों ओर सैनिटाइजेशन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में सभी सामानों की होम डिलीवरी व आपातकालीन सेवाएं पहले की तरह संचालित हैं। बताया कि आपातकालीन हालत में पीएचसी व सीएचसी पर सभी तरह की सेवाएं हर समय मौजूद हैं। इस दौरान सीडीओ केपी सिंह, संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य डा.अनिल कुमार, एडीएम प्रशासन विनोद कुमार गौड़, एडीएम राजस्व अवधेश मिश्र, सीएमओ डा.विजय यादव, जिला अर्थ एवं सांख्यिक अधिकारी डा.हरेंद्र आदि मौजूद रहे।
मीडियाकर्मियों को मास्क उपलब्ध कराने के निर्देश
बिजनौर। डीएम ने जिला सूचना अधिकारी से पत्रकारों व फोटोग्राफरों को प्रशासन की ओर से नि:शुल्क मास्क उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कहा कि कोरोना के खिलाफ लड़ाई में मीडिया सकारात्मक भूमिका निभा रहा है। दस अप्रैल को सुबह दस से 12 बजे के बीच नि:शुल्क मास्क उपलब्ध कराने को कहा।