नजीबाबाद में स्वयंसेवी संस्था नमो भारत फाउंडेशन की ओर से पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। एसडीएम, थाना प्रभारी ने रैली में साइकिल चलाकर क्षेत्र का भ्रमण किया और जन-जन से सजग नागरिक बनने की अपील की।
हरिद्वार मार्ग पर साहनपुर क्षेत्र में जनजागरूकता साइकिल रैली का उद्घाटन एसडीएम डॉ.पंकज वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा बनी है। उन्होंने पर्यावरण को मानव जीवन के अनुकूल बनाने के लिए आज ही से पॉलीथिन का इस्तेमाल बंद करने और प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा रोपित कर उसके लालन-पालन की सलाह दी। एसडीएम ने कहा कि वर्तमान में अतिक्रमण की समस्या भी विकट बनी हुई है। उन्होंने व्यापारियों से दुकानों के बाहर सामान न रखने की सलाह दी। थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा ने कहा कि प्रशासन और पुलिस समाज की बेहतरी के लिए काम करते हैं। उन्होंने जनसहयोग से पर्यावरण को भी बेहतर बनाने की वचनबद्धता दुहराई।
रैली नगर पंचायत साहनपुर क्षेत्र, जलालाबाद क्षेत्र और नगरपालिका नजीबाबाद क्षेत्र का भ्रमण करते हुए वापस साहनपुर पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पहले प्रमुुख स्थानों पर पड़ाव कर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। जिसमें एसडीएम ने स्पष्ट किया कि पॉलीथिन का प्रयोग बंद न करने और अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन कड़ा रुख अपनाएगा।
उधर, साहनपुर चेयरमैन मेराज अहमद, जलालाबाद चेयरपर्सन के पति लियाकर अंसारी ने अपने क्षेत्रों में रैली पहुंचने पर स्वागत किया। रैली में ईओ सीमा वर्मा, भाजपा नेता राजीव अग्रवाल, आरएसएस के जिला संघ चालक सुभाष कुमार, पूर्व प्रधानाचार्य वीके अरोड़ा, डॉ.एस प्रसाद, कुमुद कुमार, सुशील राजपूत, राजकुमार प्रजापति, वरुण कौशिक, रितेश ठाकुर, सचिन, हेमराज राजपूत, नरेंद्र कुमार, मुकेश राजपूत, योगेश भुईयार, अंकुर, नागेंद्र, हर्षित, लव कुमार, अमित चौहान, पूरन सिंह, सुरेंद्र शर्मा आदि शामिल रहे।