बिजनौर में एक होटल में बीसीएल के खिलाड़ियों की बोली लगाते टीमों के मालिक। संवाद
बिजनौर। देश में चल रहे आईपीएल की तर्ज पर बिजनौर में आठ अप्रैल से बीसीएल का आगाज होगा। इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी हो गई है। सबसे महंगी बोली रजी शेख के लिए लगी। मिर्दगान की टीम के मालिक हाजी हसीन ने उनके लिए तीन लाख रुपये की बोली लगाई।
सोमवार को एक होटल में आयोजित नीलामी में क्रिकेट खिलाड़ियों पर रुपयों की बौछार हुई। दस फ्रेंचाइजी ने खिलाड़ियों की बोली लगाई। बोली लगाने वालों में सबसे महंगी टीम हाजी हसीन ने बनाई।
धामपुर की सिकंदरा स्पोर्ट्स, चांदपुर की ए ब्लड बैंक, हीमपुर के मोहम्मद आबिद, बिजनौर अपेक्स हॉस्पिटल के डॉक्टर गोयल, ड्रीम होम कंस्ट्रक्शन के अब्बास राजा, जेबीएस के जावेद अहमद, इंपीरियल टेलर के हाजी जावेद, मुरादाबाद एंटीक ब्रास वर्ल्ड और पुनीत इंटरप्राइजेज के ओनर पुनीत चौधरी ने खिलाड़ियों को आईपीएल की तर्ज पर बोली लगा कर खरीदा।
शिवम सिरोही को 95 हजार में, ऋतिक जैक्सन को 50 हजार में, अतुल शर्मा को 55 हजार में, अर्श खान व मो. शाहिद को एक लाख चालीस हजार में खरीदा गया। लीग के जूनियर खिलाड़ी 12 वर्षीय तौफीक अहमद को बीस हजार में खरीदा गया। इस मौके पर लीग के डायरेक्टर नदीम अहमद, अध्यक्ष अनुराग आकाशदीप विश्वासी सचिन कश्यप सादात नबी नजीर हुसैन शादाब खान जफर इस्लाम आदि मौजूद रहे। टूर्नामेंट का शुभारंभ आईपीएल की तरह भव्य होगा। समारोह में खास और जिले के प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे।