-पांच चीनी मिलों का एक नवंबर से पेराई सत्र शुरू होने की संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगल सोती/बिजनौर। उत्तम शुगर मिल बरकातपुर का पेराई सत्र एक नवंबर से शुरू होगा। मिल प्रबंधन ने गन्ना तौल के लिए इंडेंट जारी कर दिया है। सोमवार को मिल परिसर में पूजन के साथ इंडेंट जारी किया गया।
इस मौके पर बरकातपुर शुगर मिल के संयुक्त अध्यक्ष नरपत सिंह, आसवनी उपाध्यक्ष जेपी त्रिपाठी, मुख्य महाप्रबंधक अभियंता अतेंद्र शर्मा और गन्ना महाप्रबंधक विकास पुंडीर मौजूद रहे। नरपत सिंह ने बताया कि एक नवंबर को मिल गेट के लिए 51 हजार क्विंटल और क्रय केंद्रों के लिए 35 हजार क्विंटल गन्ना खरीद का इंडेंट जारी हुआ है। क्रय केंद्रों पर 30 अक्तूबर को 11 हजार क्विंटल और 31 अक्तूबर को 41 हजार क्विंटल गन्ना खरीद का इंडेंट भी जारी किया गया। गन्ना महाप्रबंधक विकास पुंडीर ने किसानों से अपना समस्त गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की। जिले की बरकातपुर समेत पांच चीनी मिलों ने एक नवंबर से चलाने की संभावित तिथियां जारी की हैं।
चीनी मिलें संभावित तिथियों से पेराई सत्र शुरू करने की तैयारी में जुट गई हैं। गन्ना खरीद के लिए पर्चियां भी जारी की जा रही हैं। बिजनौर चीनी मिल ने रविवार को पेराई सत्र के लिए पूजन कर लिया है। हालांकि, उन्होंने अभी तक इंडेंट जारी नहीं किया है। जिले की अन्य मिलें भी नवंबर के पहले सप्ताह में पेराई सत्र शुरू करने की योजना बना रही हैं।