बारात में मारपीट के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग करती महिला बाराती।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर के धामपुर की दिलशाद कॉलोनी में मंगलवार दोपहर बाद मामूली बात को लेकर बारातियों और मोहल्ले के लोगों में मारपीट के बाद पथराव होने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर मौके पर पहुुंची पुलिस ने किसी तरह मामले को शांत किया।
बाराती पक्ष आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े है। विवाद होने के बाद लोगों के समझाने पर बारात की रस्में पूरी हुई। कोतवाल ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। पुलिस को तहरीर मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।
मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मंगलवार को चांदपुर से धामपुर की दिलशाद कॉलोनी स्थित एक मंडप में बारात आई। बारात की रस्में चल रही थी। मंडप के बाहर बारातियों के वाहन खड़ा होने से भीड़भाड़ थी। इस दौरान मोहल्ले का एक युवक कार लेकर घर जा रहा था। उसकी कार किसी बाराती के वाहन से भिड़ गई। इस पर बारात पक्ष के लोगों से कार सवार युवक से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कॉलोनी के लोग मंडप पहुंच गए।
आरोप है कि मंडप में बारातियों के साथ मारपीट की गई। संघर्ष के बीच पथराव शुरू होने से बारातियों में अफरातफरी मच गई। हमलावरों ने मंडप में पड़ी कुर्सी-मेज को फेंक दिया। कुछ देर के बाद मोहल्ले के लोगों के आगे आने से हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को संभाला। पुलिस का कहना है कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गए हैं। बारात पक्ष के लोग आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े है।
दोनों पक्षों के जिम्मेदार लोगों का कहना है कि वह आपस में मामले को निपटाने के प्रयास में लगे है। कोतवाल का कहना है कि यदि मामला आपस में नहीं निपटता है तो पुलिस अपने स्तर से मामले से जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई करेगी। किसी भी पक्ष की ओर से अभी पुलिस को तहरीर नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आई तो कार्रवाई की जाएगी।