पहाड़ों पर हुई भारी बारिश के चलते नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ गया। इसी बीच लैंसडाउन वन प्रभाग की सोत/नदी में तेज बहाव के दौरान हाथियों के झुंड से एक दुधमुंहा बच्चा अपनी मां से बिछड़ गया। पानी में बहते हुए इस नन्हें हाथी को वन विभाग के गश्ती दल ने देखा और किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वन विभाग की टीम ने बच्चे की जान बचाकर उसे उपचार के लिए कार्बेट टाइगर रिजर्व की कालागढ़ हाथीशाला पहुंचाया। उप प्रभागीय वन अधिकारी बिंदर पाल ने बताया कि यह बच्चा करीब 20 से 25 दिन का है। उसे फिलहाल क्वारंटीन में रखा गया है और चिकित्सक दुष्यंत कुमार शर्मा की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है।
यह भी पढ़ें: UP: नेपाल हिंसा से ठप हुआ मेरठ का कारोबार, 20 करोड़ से अधिक की सप्लाई प्रभावित, बॉर्डर पर फंसे ट्रक
पानी के तेज बहाव के कारण उसके शरीर पर हल्की चोटें आई थीं। फिलहाल वह स्वस्थ है और दूध व दवाइयां ले रहा है। वन विभाग का कहना है कि पूरी निगरानी में उसकी देखरेख की जा रही है।