बिजनौर। आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आयुष्मान भारत योजना संचालित हैं लेकिन आयुष्मान कार्ड में उम्र, पता, पिता के नाम की वर्तनी में त्रुटि से पात्रों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में अब इन मामलों के निस्तारण के लिए विशेष डेटा संशोधन अभियान शुरू किया है, जिसके तहत ब्लॉक स्तर पर ही कार्ड की गलतियों का सत्यापन कर उन्हें ऑनलाइन ठीक कराया जाएगा।
आयुष्मान कार्ड में किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर लाभार्थियों को सीएमओ कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। खासतौर पर पिता के नाम की वर्तनी गलत होने, उम्र या पते में त्रुटि है। जिसकी वजह से पात्र होते हुए भी लाभार्थी योजना के लाभ से वंचित हैं। इन मामलों को देखते हुए सरकार ने त्रुटियों के त्वरित समाधान के लिए नई व्यवस्था लागू की है। जिला सूचना सिस्टम प्रबंधक वैभव कुमार ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत लाभार्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन संबंधित ब्लॉक स्तर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय स्तर पर किया जाएगा।
सत्यापन के बाद लाभार्थी डेटा प्रबंधन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संशोधन होगा, जिससे पात्र लाभार्थियों को बिना अनावश्यक परेशानी के योजना का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए जल्द ही आयुष्मान योजना से जुड़े कर्मचारियों को प्रशिक्षण दी जाएगी।