मंडावर क्षेत्र के ग्राम कुंदनपुर टीप में गंगा के किनारे स्टड बनाते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मंडावर/बिजनौर में गंगा की तेज धारा द्वारा खेतों में किए जा रहे कटान को रोकने के लिए सिंचाई विभाग ने पहल शुरू कर दी है। गांव कुंदनपुर के पास बल्ली वाले स्टड बनाने का काम शुरू हो गया है। वहीं पहाड़ों पर बारिश होने से गंगा के जलस्तर में मामूली बढ़ोतरी हुई है। गांव ब्रह्मपुरी में गंगा का पानी भर गया है।
गांव कुंदनपुर और सुक्खापुर के पास गंगा की धारा मंगलवार रात से तेज कटान किया जा रहा था। रात को भी गंगा ने गांव कुंदनपुर के पास करीब दस से 15 फीट तक कटान कर दिया। कटान के खौफ से गांव वालों ने पूरी रात जागकर गुजारी। बृहस्पतिवार सुबह सिंचाई विभाग की ओर से बल्ली वाले स्टड गाड़ने का काम शुरू हो गया।
बल्ली गाड़ने के दौरान एक खेत की ढांग कटकर गिरने से काम कर रहे राहुल, काले, नेपाल, जोगेंद्र, केहर सिंह, सुभाष आदि मिट्टी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। किसानों अजय सिंह, कय्यूम, सत्तू सिंह, बाबूराम आदि के अनुसार खादर में तट के पास सभी जगह स्टड बनने चाहिए। तभी कटान से पूरी मुक्ति मिल सकती है। वहीं गंगा का स्तर बढ़ने से गांव ब्रह्मपुरी में बुधवार आधा से एक फुट तक पानी भर गया। सिंचाई विभाग के एक्सईएन डा.आरके शर्मा के अनुसार गांव कुंदनपुर के पास तटबंध बनाने का काम शुरू हो गया है। करीब 200 मीटर लंबा तटबंध बनाया जाएगा। मध्य गंगा बैराज के एक्सईएन एसएस गिरि के अनुसार बुधवार को गंगा में 1.15 लाख क्यूसेक पानी था। बृहस्पतिवार को पानी बढ़कर 1.25 लाख क्यूसेक हो गया है।