बिजनौर। साइबर अपराधी ठगी करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अब फिर से तमाम लोगों को आरटीओ चालान की एपीके फाइल भेजकर ठगी का प्रयास किया गया। हालांकि साइबर अपराधियों के चंगुल में कोई फंस नहीं पाया।
शहर कोतवाली के एक गांव निवासी सुमित चौधरी का साइबर अपराधियों ने फोन हैक कर लिया। उनका व्हाट्स एप हैक करने के बाद एक ग्रुप आरटीओ ऑफिस के नाम से बनाया गया। जिसमें तमाम लोगों को शामिल कर लिया। फिर इस ग्रुप पर आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल भेजी गई। फोन हैक होने के बाद सुमित ने अपने दूसरे नंबर से अपने परिचितों और व्हाट्स एप के अन्य ग्रुपों पर तुरंत ही सूचना डाल दी। साथ ही साइबर थाने पहुंचकर समस्या से अवगत कराया। साइबर पुलिस ने उक्त ग्रुप को डिएक्टिव कर दिया। साइबर पुलिस और पीड़ित की सतर्कता के चलते तमाम लोग साइबर अपराधियों के चंगुल में आने से बच गए।