फावड़े और लाठी-डंडे से किया हमला, चार घायल
नूरपूर। युवती से छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर फावड़े एवं लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में दो महिलाओं समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष द्वारा सुरेंद्र सिंह और उसके तीन बेटों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
एक गांव निवासी अमन ने पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि गांव के ही अमित ने उसकी बहन को कुछ बोल दिया, जिसका उसने विरोध किया। अमन का कहना है कि जब अमित को उसके चाचा ओमपाल ने समझाया तो शाम करीब साढ़े आठ बजे सुरेंद्र, सुमित, अमित और विनीत पुत्रगण सुरेंद्र उसके चाचा ओमपाल के साथ गाली गलौज करने लगे। बीचबचाव में आई उसकी चाची सावित्री, राखी, चमन आदि ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर लाठी डंडों और फावड़ों से हमला बोल दिया। किसी तरह उन लोगों ने अपनी जान बचाई। हमले में सावित्री, राखी, चमन और ओमपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर भीड़ जमा होने पर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र वर्मा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।