बिजनौर से भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मिलने पहुंचा अटेवा का प्रतिनिधिमंडल।
- फोटो : BIJNOR
पुरानी पेंशन के लिए अटेवा ने भाकियू से मांगा सहयोग
बिजनौर। ऑल टीचर एंप्लायेज वेलफेयर एसोसिशन (अटेवा) कार्यकर्ताओं ने पुरानी पेंशन व आंदोलन के लिए मुजफ्फरनगर जाकर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से सहयोग मांगा। सरकारी विभागों के निजीकरण का भी विरोध किया। युवा प्रदेश अध्यक्ष दिगंबर सिंह ने प्रस्ताव राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के सामने रखने की बात कही।
अटेवा के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रहास सिंह ने बताया कि एक जनवरी 2004 के बाद नियुक्त अर्धसैनिक बल के सैनिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के लिए नई पेंशन व्यवस्था को लागू किया गया। यह सैनिकों एवं कार्मिकों को बुढ़ापे में आर्थिक सामाजिक असुरक्षा प्रदान करती है। नई पेंशन व्यवस्था शेयर बाजार पर आधारित है। आज सैनिकों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के वेतन से होने वाली दस प्रतिशत कटौती से देश के पूंजीपतियों को मजबूत करने का काम किया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया सरकार आज सरकारी विभागों को घाटे की आड़ में पूंजीपतियों के हवाले करती जा रही हैं जिसका संगठन निरंतर विरोध कर रहा है। पुरानी पेंशन बहाली के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में संघर्षरत है। वार्ता में भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने पुरानी पेंशन बहाली एवं निजीकरण बंदी के आगामी जनकल्याणकारी आंदोलन का पूर्ण सहयोग के लिए आश्वस्त किया। प्रतिनिधि मंडल में रजनीश कुमार, सतवीर सिंह, दिनेश यादव, रमेश चंद्र, तेजपाल सिंह, गर्वित चौधरी, तेजप्रताप वाजपेई, हाकिम सिंह आदि मौजूद रहे।