धामपुर के नगीना चौक स्थित महात्मा ज्योतिबा पार्क में लगे फव्वारे।
- फोटो : DHAMPUR
पार्क के सुंदरीकरण में और लगेंगे 15 दिन
धामपुर। धामपुर में नगीना चौराहे पर 26 लाख रुपये की लागत से महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क के सुंदरीकरण का काम 15 दिन में पूरा हो जाएगा। पार्क में दो अत्याधुनिक फव्वारे लगाए गए हैं। फव्वारों का शनिवार देर रात ट्रायल किया गया है।
नगर के दिनेश कुमार, आदित्य सिंह, अजय कुमार चौहान, कल्याण सिंह, भूरे सिंह, जेके जेतरिया, गौरव आदि लोगों का कहना है कि धामपुर का नगीना चौराहा नगर का महत्वपूर्ण चौक है। यह चौराहा न केवल यूपी, उत्तराखंड को जोड़ने का काम करता है बल्कि दिल्ली और पानीपत-खटीमा से भी जुड़ता है। नगर पालिका द्वारा पिछले दिनों 26 लाख की लागत से पार्क के सुंदरीकरण का प्रस्ताव पास किया गया था। कोरोना काल से पहले सुंदरीकरण का काम शुरू किया गया था, लेकिन लॉकडाउन के कारण कार्य रोक दिया गया। लॉकडाउन खत्म होने के बाद फिर से तेजी से काम चल रहा है। पार्क में छह-छह लाख रुपये की लागत से दो बड़े फव्वारे लगे हैं। फव्वारों का ट्रायल शनिवार देर रात किया गया। दो-दो लाख की लागत से तोपें लगेंगी। ठेकेदार विजेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि 15 दिन में निर्माण का काम पूरा हो जाएगा।
नगर की सुंदरता के लिए और भी हैं योजना: पालिकाध्यक्ष
पालिका अध्यक्ष राजू गुप्ता ने बताया कि अभी तो महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क के सुंदरीकरण का काम हुआ है। अभी तो और भी बहुत विकास के काम इसी प्रकार से होने बाकी हैं। नगर की सुंदरता के लिए कई और प्लान है। जिन पर जल्द काम शुरू किया जाएगा।