त्रिकोणीय माना जा रहा मुकाबला
चुनावी पंडित बढ़ापुर सीट पर भाजपा, बसपा और गठबंधन प्रत्याशी के बीच ही त्रिकोणीय मुकाबला मान रहे हैं। चाय की दुकानों व चौपालों पर बैठकर चुनाव में कौन प्रत्याशी विजयी होगा इसका कयास लगाने में लगे है। चुनाव में मतदाताओं का गुपचुप मतदान और बाद में चुप्पी साध लेने से प्रत्याशियों की स्पष्ट स्थिति का आकलन कर पाना जनता के लिए कठिन हो रहा है।
बढ़ापुर में बूथ संख्या 189 मोहल्ला पठानान व बूथ संख्या 190 मोहल्ला झोजियान के दोनों बूथों पर करीब 62 प्रतिशत मतदान हुआ है। मुस्लिम बाहुल्य इन दोनों बूथों पर मुख्य मुकाबला सपा व बसपा प्रत्याशी के बीच होने की चर्चाएं हैं। जबकि बहुसंख्यक वर्ग के अधिकांश मतों के साथ ही भाजपा को कस्बे व ग्रामीण क्षेत्र से दलित वर्ग से भी वोट मिलने की चर्चाएं हैं।
सपा को मिलेंगे 95 हजार वोट: कपिल कुमार
सपा प्रत्याशी कपिल कुमार सपा को करीब 95 हजार मत मिलने का दावा कर रहे हैं। करीब दो तिहाई मुस्लिम तथा दलित सिख व अन्य पिछड़ी जातियों के एक तिहाई मत मिलने का हवाला देते हुए वह जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है।
बसपा को मिलेंगे 97 हजार वोट : मोहम्मद गाजी
बसपा प्रत्याशी मोहम्मद गाजी भी 95 से 97 हजार वोट मिलने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 42 प्रतिशत वोट उन्हें मुस्लिम समाज तथा शेष वोट उन्होंने दलित सिख व अन्य पिछड़ी जातियों के द्वारा मत मिलने का हवाला देते हुए वह जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त है। उन्होंने अपना मुकाबला सीधा भाजपा से माना है।
जीत हमारी ही होगी : सुशांत सिंह
भाजपा प्रत्याशी सुशांत सिंह ने कहा कि हम चुनाव जीत रहे हैं। हमें सर्वसमाज का वोट मिला है। काफी संख्या में दलित वोट भी मिलने की सूचनाएं क्षेत्र से मिल रही है। अलग-अलग तो नहीं बता पाएंगे, लेकिन हां कुल वोट की बात करें तो हमें करीब एक लाख वोट मिलने की उम्मीद है।