गंगा स्थान पर चरमराई रोडवेज बसों की व्यवस्था
नजीबाबाद। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचाने के लिए स्थानीय डिपो द्वारा लगाई गई बसों की व्यवस्थाएं बुरी तरह चरमरा गईं। रोडवेज बसों की घंटों प्रतीक्षा करने के बाद श्रद्धालुओं को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। वहीं डग्गामार वाहनों ने यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक पैसा वसूला।
नजीबाबाद-हरिद्वार के लिए स्थानीय डिपो से परिवहन निगम की रोजाना 20 बसें संचालित की जाती हैं। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान के मद्देनजर स्थानीय डिपो ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 15 अतिरिक्त बसों को संचालन करने का दावा किया था। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जाने वाले यात्रियों की भारी आमद रही है। दोपहर के बाद शाम आते-आते परिवहन निगम की हरिद्वार जाने वाले बसों की व्यवस्था चरमरा गई। गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं को रोडवेज डिपो पर घंटों बसों की प्रतीक्षा में खड़ा रहना पड़ा। बसों के काफी देर तक न आने वाले अधिकांश श्रद्धालुओं को डग्गामार वाहनों को सहारा लेना पड़ा। वहीं डग्गामार वाहनों ने श्रद्धालुओं को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए निर्धारित किराए से अधिक पैसे वसूल किए।