स्योहारा में सड़क दुर्घटना में मारने वाले फौजी ओम सिंह का फाइल फोटो
स्योहारा (बिजनौर)। सहसपुर पुलिस चौकी के पास हुए भीषण सड़क हादसे में सेना के लांसनायक की मौत हो गई। दिल्ली में तैनात जवान अपने साथियों के साथ एक मित्र की शादी में शामिल होने स्योहारा आए थे। घटना से परिवार व गांव में शोक है।
शुक्रवार रात कार में सवार लांसनायक ओम सिंह अमरोहा निवासी अपने मित्र नृपेंद्र कुटार की शादी में शामिल होने ठाकुरद्वारा रोड स्थित एक विवाह मंडप में जा रहे थे। नृपेंद्र कुटार जेल में तैनात है। ओम सिंह (32) पुत्र वीरपाल निवासी ग्राम मल्लाभाई, थाना ऊझानी (बदायूं) अपनी कार से अन्य चार मित्रों संग जैसे ही सहसपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई, जिसमें लांस नायक ओम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल जवान को तुरंत मुरादाबाद के हायर सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मृतक के पिता वीरपाल सिंह की तहरीर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक जितेंद्र निवासी ग्राम मेवाजट स्योहारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।