बिजनौर शहर में रेलवे फाटकों के पास सड़कों पर गहरे-गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें गाड़ियां हिचकोले खा रही हैं। अभी न तो रेलवे विभाग और न ही पीडब्ल्यूडी विभाग ने इनकी सुध ली है। गड्ढों की वजह से कई बार हादसे भी हो गए हैं और हो भी रहे हैं।
शहर में चक्कर रोड पर सेंट मेरी स्कूल के पास वाले फाटक के आसपास गड्ढों का जाल बुना हुआ है। फाटक के पास काफी गहरे गड्ढे हैं, जिनकी वजह से हमेशा हादसा होने का डर बना रहता है। कई माह से इन गड्ढों को भरा नहीं गया है। अब बारिश होने की वजह से गड्ढे और भी ज्यादा बढ़ गए हैं। वहीं बिजनौर बाईपास रोड स्थित बकली फाटक के पास भी सड़क में काफी गड्ढे हैं, लेकिन विभाग की नजर इन पर नहीं पड़ रही है। गड्ढों की वजह से पहले भी हादसे हो चुके हैं। लेकिन रेलवे और पीडब्ल्यूडी विभाग की आंखें नहीं खुल रही हैं। रेलवे लाइन के पास ही गहरे गड्ढे होने की वजह से गाड़ियां भी हिचकोले खा रही हैं।
काफी दिनों से हैं गहरे गड्ढे
शिवपाल सिंह ने बताया कि काफी दिनों से फाटक के पास गहरे गड्ढे हैं। मगर विभाग नजरअंदाज कर रहे हैं। इन गड्ढों की वजह से ही पहले कई हादसे हो चुके हैं। लेकिन रेलवे और पीडब्लूडी विभाग का इस ओर कोई ध्यान नहीं है।
बाइक गिरने से कई हो चुके हैं घायल
नितिन त्यागी ने कहा कि रोजाना फाटक के पास हो रहे गड्ढों में गाड़ियां हिचकोले खा रही हैं। कई बार बजरियों पर पहिया रपटने से बाइक सवार घायल भी हुए हैं। यह घटना आए दिन सामने आती रहती हैं।