बिजनौर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ी सौगात दी है। कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाकर सात हजार, सहायिका का तीन हजार रुपये किया गया है। इससे आंगनबाड़ियों में खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री ने किशोरी/बालिकाओं के लिए स्कीम फॉर एडोलसेंट गर्ल्स का शुभारंभ किया। विकास भवन सभागार में इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को दिखाया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 1500, मिनी आंगनबाड़ी का मानदेय 1250 और सहायिका का वेतन 750 रुपये मासिक बढ़ाने की घोषणा की। पिंकी देवी ने कहा कि पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्रों के महत्व को समझा है।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि कुपोषण को खत्म करने के लिए आंगनबाड़ी केंद्र प्रमुख भूमिका निभाते हैं। उन्होंने मानदेय बढ़ाने की भी घोषणा की है। वहीं, शबनम ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राजकीय कर्मचारी घोषित करना चाहिए। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति भार्गव, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, बीएसए महेशचंद, बीडीओ जलीलपुर वीरेंद्रपाल सिंह, सीडीपीओ विपिन मैत्रेय, नागेंद्र कुमार, डॉ. एसके निगम आदि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा
कोतवालीदेहात में विकासखंड कोतवाली के डवाकरा हॉल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोई भी बालिका प्रदेश में कुपोषित न रहे। देश और प्रदेश में कुपोषण को दूर करना होगा। इस योजना में बालिकाओं को दो किलोग्राम चना, एक किलोग्राम अरहर दाल, देसी घी के अलावा अन्य पौष्टिक आहार दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मिनी कार्यकर्ताओं, सहायिकों के मानदेय में वृद्धि की भी घोषणा की। मानदेय में बढ़ोतरी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने खुशी का इजहार किया और जमकर ताली बजाईं।
मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ियों के बढ़ाए मानदेय
नजीबाबाद में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आंगनबाड़ी, मिनी आंगनबाड़ी और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाए जाने से आंगनबाड़ियों में खुशी की लहर है। कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपेक्षा के अनुरूप मानदेय न बढ़ने की बात कही। बाल विकास विभाग द्वारा लखनऊ के लोक भवन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण में बृहस्पतिवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 1500 रुपये, मिनी आंगनबाड़ी के मानदेय में 1250 रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 750 रुपये की वृद्धि की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने किशोरी बालिकाओं के लिए एसएजी योजना की घोषणा करते हुए सुपोषण गाइड का विमोचन किया। ब्लॉक परिसर में सीडीपीओ आरएस यादव, बीडीओ एके मौर्य, सुपरवाइजर रेखा अंबेडकर सहित विभागीय कर्मचारियों के नेतृत्व में एलईडी वैन के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिखाने की व्यवस्था की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एसोसिएशन संयुक्त मोर्चा की ब्लॉक अध्यक्ष गजाला परवीन, ऊषा शर्मा, सरिता कश्यप, शोभा, निशा, महिला आंगनबाड़ी संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष कमला शर्मा, सुमन वर्मा, सरिता, कुसुम सहित अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय बढ़ाने, किशोरी बालिकाओं के लिए सुपोषण योजना शुरू करने का स्वागत किया।
मानदेय बढ़ोतरी को बताया बहुत कम
कासमपुरगढ़ी/धामपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के 1500 व सहायिकाओं के 750 व मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए 1250 रुपये मासिक मानेदय में बढ़ोतरी की है, जिसे लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जहां एक ओर खुशी का इजहार किया। वहीं कुछ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इसे नाकाफी बताया। कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार को कम से कम 21 हजार मासिक मांग के सापेक्ष 18,000 रुपये कार्यकर्ता और कम से कम 10,000 रुपये सहायिका का करना चाहिए था। खंड विकास कार्यालय के सभा कक्ष मे मुख्यमंत्री के आदेश पर सीएम की मन की बात का आयोजन किया हुआ। सभाकक्ष में बड़ी एलईडी को लगाया गया। ब्लाक की सभी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर मुख्य सेविका बिंदु सिंह, प्रभारी खंड विकास अधिकारी ब्रृजेश सिंह, सहायक विकास अधिकारी गौरव कुमार रहे। धामपुर में भी ब्लाक के सभाकक्ष में प्रोजेक्टर लगा कर सीएम के कार्यक्रम को देखा गया। नगर पालिका में भी ऐसे ही कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें पालिका के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। पालिका कर्मचारी सरकारी काम को छोड़ सवेरे 11 बजे से ही पालिका के सभाकक्ष में लगे प्रोजेक्टर के सामने सीएम का संदेश सुनने को बैठ गए थे, तब तक बैठे रहे। जब तक कार्यक्रम खत्म नहीं हुआ।