बिजनौर में व्यय प्रेक्षक द्वितीय अरुण कुमार गुप्ता ने अपने कैंप कार्यालय में स्टेटिक्स टीम, फ्लाइंग स्क्वायड तथा वीडियोग्राफी टीम के सदस्यों की बैठक की। सदस्यों को निर्देश दिए कि वाहन और व्यय संबंधी निरीक्षण कार्य करते समय पूर्ण निष्पक्षता और पारदर्शिता बरतें। चेकिंग के दौरान की जाने वाली सभी कार्रवाई की वीडियोग्राफी जरूर कराएं।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आदर्श आचार संहिता से संबंधित जो भी मामला प्रकाश में आए, तत्काल उसकी वीडियोग्राफी कराएं ताकि संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा सके। श्री गुप्ता ने जिला पंचायत राज अधिकारी/ प्रभारी अधिकारी वीडियो/कैमरा को निर्देश दिए कि वीडियो निगरानी टीम को वीडियो कैमरों के स्थान पर हैंडीकेम की व्यवस्था सुनिश्चित कराए ताकि कार्य में सुगमता संभव हो सके। सभी रिटर्निंग ऑफिसर को निर्देश दिए कि प्रत्याशियों को निर्वाचन संबंधी जो भी अनुमोदन अथवा स्वीकृति उनके द्वारा प्रदान की जा रही है, उसकी सूचना तत्काल जिला कोषागार कार्यालय स्थित व्यय अनुवीक्षण कक्ष में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। इस मौके पर मुख्य कोषाधिकारी अनवर अहमद, जिला पंचायत राज अधिकारी मनीष कुमार, लायजन आफिसर प्रदीप कुमार के अलावा तीनों टीमों के सदस्य मौजूद थे। वरिष्ठ कोषाधिकारी/प्रभारी अधिकारी व्यय अनवर अहमद ने बताया कि स्थानीय जिला निर्वाचन कार्यालय, बिजनौर में निर्वाचन संबंधी शिकायत कक्ष स्थापित है। इसका दूरभाष नंबर-01342 260200 टोल फ्री नंबर 18001803045 है।