नगीना। आर्थिक तंगी के बावजूद ईमानदारी और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखने वाली एक महिला ने समाज के सामने मिसाल पेश की है। घरों में सहायक के तौर पर काम करके परिवार का पालन-पोषण करने वाली 42 वर्षीय रिंकी को सड़क पर करीब 28 हजार रुपये कीमत का नया मोबाइल फोन पड़ा मिला। महिला ने उसे अपने पास रखने के बजाय उसके असली मालिक तक पहुंचाने का प्रयास किया।
रामलीला मोड़ के पास किराये के मकान में रहने वाली महिला मंगलवार सुबह गंगानगर कॉलोनी में काम करने जा रही थी। इसी दौरान उसे रास्ते में ब्रांडेड कंपनी का नया मोबाइल फोन मिला। महिला ने फोन उठाकर गंगानगर कॉलोनी निवासी गौरव मिगलानी को सौंपते हुए कहा कि यह किसी का कीमती मोबाइल है और इसे उसके मालिक तक पहुंचाना चाहिए। गौरव ने मोबाइल में अंतिम डायल किए गए नंबर पर कॉल की तो पता चला कि फोन नजीबाबाद के कबाड़ीवाला निवासी अमित का है। अमित अपनी ससुराल सैदपुरी आया हुआ था और वापस लौटते समय रामलीला मोड़ के पास उसका मोबाइल गिर गया था। सूचना मिलते ही अमित गंगानगर कॉलोनी पहुंचा और अपना मोबाइल पाकर महिला का आभार जताया।
अमित ने बताया कि उसने धनतेरस के दिन करीब 28 हजार रुपये में यह मोबाइल खरीदा था। फोन में न तो लॉक लगा था और न ही ट्रेस करने के लिए ईमेल आईडी दर्ज थी। ऐसे में फोन किसी गलत व्यक्ति के हाथ लग जाता तो शायद उसे वापस मिलना मुश्किल था। अमित ने महिला की ईमानदारी से प्रभावित होकर उसे इनाम स्वरूप एक हजार रुपये देने चाहे, लेकिन महिला ने पहले इसे लेने से साफ इनकार कर दिया। बाद में कॉलोनीवासियों के आग्रह पर स्वीकार किए।