दिव्यांगों में छिपी होती अद्भुत प्रतिभाएं: हिमांशु चौहान
नजीबाबाद। दिव्यांग दिवस पर मुस्सेपुर आश्रम के दिव्यांगों ने आश्रम की संचालिका कमलेश आर्या को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया।
आर्य सुगंध संस्थान के मुस्सेपुर दिव्यांग आश्रम में दिव्यांग दिवस पर संगोष्ठी और दिव्यांग बच्चों द्वारा तैयार वस्तुओं की प्रदर्शनी आयोजित की गई। मुख्य अतिथि मंडावली थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान ने कहा कि दिव्यांगों में अद्भुत प्रतिभाएं छिपी होती हैं। उन्होंने समाज से दिव्यांग से सहानुभूति रखने और उनका मनोबल ऊंचा रखने की अपील की। संस्थान के अध्यक्ष सुंदर गोयल, प्रधानाचार्या गर्जना आर्य की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। गगन, शारिक, नूर मोहम्मद आदि आश्रम के बच्चों ने स्वागत गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
आश्रम की संचालिका कमलेश आर्या को दिव्यांगों ने मां तुल्य सेेवा करने पर पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। संचालिका कमलेश आर्या के निर्देशन में दिव्यांगों को आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में बेकार वस्तुओं से सजावटी वस्तुएं बनाने सहित स्वावलंबी बनने के अनेक कौशल सिखाए जा रहे हैं। मुख्य अतिथि ने आश्रम के दिव्यांगों द्वारा तैयार सजावटी वस्तुओं की प्रशंसा की।
इस अवसर पर शशि, उपासना, अनीता, महेंद्र सिंह, अजीत सिंह, तूफान सिंह, सोनम, स्वाति, सरफराज, बीना आदि उपस्थित रहे।
मंडावली के दिव्यांग आश्रम में बोलते मुख्य अतिथि हिमांशु चौहान।- फोटो : NAZIBABAD