तारकेश्वर शर्मा और ओमकार राठी के कहने पर भाजपा से जुडे़ अमर सिंह
बिजनौर। राज्यसभा के सांसद स्व. ठाकुर अमर सिंह को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई सोमा मोदी ने नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए चलाए गए अभियान से जोड़ा था। इसके लिए उन्होंने सेवानिवृत्त आईएएस अफसर तारकेश्वर शर्मा व जिले के रहने वाले ओमकार राठी को ठाकुर अमर सिंह से मिलने भेजा था। इसके बाद ठाकुर अमर सिंह मिशन मोदी अगेन पीएम से जुुड़कर नरेंद्र मोदी के लिए प्रचार करने लग गए थे। उन्होंने प्रचार में कट्टर हिंदूवादी नेता की तरह भाषण दिए थे।
चांदपुर के गांव मीरापुर के रहने वाले ओमकार राठी बताते हैं कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा से जुड़े होने की वजह से उनका नरेंद्र मोदी के भाई सोमा मोदी से पुराना परिचय है। वे देहरादून में रहते हुए त्रिवेंद्र रावत के साथ भी काम कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि 2018 में उन्हें नरेंद्र मोदी के भाई सोमी मोदी ने फोन किया और बताया कि लोकसभा चुनाव के लिए नरेंद्र मोदी अगेन पीएम संगठन बनाकर पूरे देश में इसके कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें यूपी में बड़ा असर रखने वाले ठाकुर अमर सिंह को भी जोड़ना है। उन्होंने सेवानिवृत्त आईएएस अफसर तारकेश्वर शर्मा व उन्हें ठाकुर अमर सिंह से मिलने के लिए दिल्ली भेजा। वहां दोनों ने अमर सिंह से मुलाकात की।
तारकेश्वर शर्मा से अमर सिंह ने अलग से कमरे में बात की थी। वे इस अभियान से जुड़ गए। मिशन मोदी अगेन पीएम का उत्तराखंड का प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह के भाई को बनाया गया और जाट होने के नाते वेस्ट यूपी का अध्यक्ष उन्हें बनाया गया। उन्होंने वेस्ट यूपी में अमर सिंह के कई कार्यक्रम कराए। सबसे पहला कार्यक्रम बिजनौर में ही कराया। यहां ठाकुर अमर सिंह ने हिंदुओं को तेल की कीमतों पर नहीं बंटने को कहा था। उन्होंने कट्टर हिंदूवादी नेता की तरह भाषण देते हुए कहा था कि अगर हिंदू तेल की कीमत के नाम पर बंटेगा तो एक दिन इसी तेल को उसके ऊपर छिड़क कर उसे जला दिया जाएगा। उनका यह भाषण बहुत चर्चा में रहा था। उन्होंने बाकी जगह भी इसी तरह के ओजस्वी भाषण दिए थे और नरेंद्र मोदी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने की अपील की थी।