अमानगढ़ में पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर पर्यटकों की जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते अतिथिगण
रेहड़/बिजनौर। शनिवार को अमानगढ़ के द्वार पर्यटकों के लिए अधिकारिक तौर पर खोल दिए गए। विधायक प्रतिनिधि और वन अफसरों ने पहली जिप्सी को हरी झंडी दिखाई। पहले दिन 30 पर्यटकों ने जंगल सफारी की।
शनिवार सुबह 11 बजे अमानगढ़ के पास केहरीपुर वन चौकी पर पर्यटन सत्र के उद्घाटन पर ग्रामीणों और पर्यटकों को अमानगढ़ की खासियत गिनाई गई। इसके बाद भाजपा विधायक कुंवर सुशांत सिंह के प्रतिनिधि सीपी सिंह ने रेंज कार्यालय केहरीपुर के प्रवेश द्वार से जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएफओ जय सिंह कुशवाह ने कहा कि अमानगढ़ पर्यटन स्थल को पर्यटकों की सुविधानुसार विकसित करना विभाग का लक्ष्य है।
अमानगढ़ में आने वाले पर्यटकों के लिए शौचालय व कैफेटेरिया सहित अन्य सुविधाओं का ध्यान रखा जाएगा। कार्यक्रम में विभागीय क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वनकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए।
नहीं पहुंचे नेता और अफसर : वन विभाग ने उद्घाटन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल और उनके साथ विधायकों और जिलाधिकारी और एसपी को भी न्योता दिया था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ ही अन्य कोई और भी नहीं पहुंचे। कार्यक्रम में जिले के वन अधिकारी ही पहुंचे।
यह भी रहे कार्यक्रम में मौजूद : ब्लाॅक प्रमुख प्रदीप कुमार बबली, सरदार मलकीत सिंह, डीएफओ नजीवाबाद अभिनव राज, एसडीओ ज्ञान सिंह, एसडीओ अंशुमान मित्तल, रेंजर अंकिता किशोर आदि कार्यक्रम में मौजूद रहे।