गड़बड़ी का आरोप लगा ग्रामीणों ने किया हंगामा
हीमपुर दीपा। सिसोना गांव में लाखों रुपए की लागत से पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही सीसी सड़क मानक के अनुरूप न बनने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने मंगलवार को कार्य रुकवा दिया।
हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सिसोना में मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों की मांग को देखते हुए पीडब्ल्यूडी द्वारा लाखों रुपए की लागत से 600 मीटर सीसी सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि संबंधित ठेकेदार और अधिकारी मिलकर निर्माण कार्य में धांधली कर रहे हैं और मानक के अनुरूप सड़क का निर्माण नहीं हो रहा है। सड़क निर्माण में जंगल से मिट्टी लाकर डाल दी गई। यह देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए उन्होंने गांव के ही जावेंद्र सिंह त्यागी की मौजूदगी में प्रदर्शन कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक मौके पर संबंधित अधिकारी आकर उनकी समस्या का निस्तारण नहीं करा देंगे तब तक निर्माण कार्य नहीं होने देंगे। विभाग के सहायक अभियंता प्रवेश राणा का कहना है कि वह मौके पर संबंधित जेई को भेजकर वास्तविकता की जांच कराकर कार्रवाई कराएंगे। उनका कहना था कि सीसी निर्माण में कच्ची मिट्टी का प्रयोग नहीं होता बल्कि स्टोन डस्ट प्रयोग होती है। विरोध जताने वालों में जोवेंद्र सिंह लालू, रजनीश, कृष्ण कुमार, जितेंद्र, जगदीश, दीपक, हर्ष आदि रहे।