बूढ़ावाला की चुंगी पर शराब की दुकान के बाहर धरना देतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
नगीना में गांव बूढ़ावाला की चुंगी पर स्थित सरकारी देशी शराब की दुकान को बंद कराने को लेकर लक्ष्मी सेवा समिति की अध्यक्ष नीरू रानी के नेतृत्व में कस्बा रेती और विश्नोई सराय की महिलाओं का धरना जारी रहा। महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि हमारी समस्या का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो वह अपना आंदोलन उग्र कर देंगी।
महिलाएं शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर छटे दिन सुबह नौ बजे से धरना-प्रदर्शन के लिए शराब की दुकान के पास धरना पर बैठी हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी है कि जब तक शराब की दुकान प्रशासन द्वारा नहीं हटाई जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही प्रशासन को चाहिए कि वे इस मामले में मध्यस्थता करके समस्या का समाधान कराए, वरना यह समस्या और अधिक उग्र रूप लेगी। महिलाओं ने शीघ्र भूख हड़ताल शुरू करने की भी चेतावनी दी है। समिति की अध्यक्ष नीरू रानी का कहना है कि वे किसी दबाव व लालच में आने वाली नहीं हैं। समाज के हित के लिए उनकी लड़ाई आर पार की हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से अपनी सुरक्षा की मांग की है। दीपा, रेखा, बाला, ओमवती, फूलवती समेत दो दर्जन से अधिक महिलाएं मौजूद रहीं। उधर, थाना प्रभारी नाथूराम पवार का कहना है कि उच्च अधिकारियों के निर्देश का पालन किया जाएगा। महिलाओं की सुरक्षा के लिए बराबर निगरानी रखी जा रही है।