कृषि सुधार बिल किसान हित में
नजीबाबाद/जलालाबाद। भाजपा किसान मोर्चा ने कृषि सुधार अध्यादेश को किसान हित में बताते हुए बिल के विरोध में किए जा रहे आंदोलनों पर चिंता व्यक्त की।
मोर्चा के गांव कबाड़ीवाला में जिला महामंत्री विक्रम सिंह खोबे, रमेश सिंह की उपस्थिति में बैठक हुई। किसान मोर्चा से जुड़े भाजपाइयों ने केंद्र सरकार की कृषि सुधार नीतियों और अध्यादेश का स्वागत किया। पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि किसान सुधार अध्यादेश किसानों के हित में हैं। इस अध्यादेश के जरिए किसानों को अपनी फसल कहीं भी बेचने और फसल का स्वयं मूल्यांकन करने का अधिकार है। उन्होंने एमएसपी रेट से कम कृषि उपज खरीदने वाले व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रावधान की जानकारी दी।
चौ.विक्रम सिंह खोबे, सुदर्शन सिंह ने भी कृषि सुधार अध्यादेश को किसान हित में बताते हुए बिल के विरोध की भ्रामक स्थिति पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि अध्यादेश के माध्यम से ही किसान को अपनी फसल का दोगुना लाभ मिल सकेगा। बैठक में आरएस निराला, सरिता सैनी, कमल सैनी सहित अनेक किसान मोर्चा सदस्यों ने विचार रखे।