किसानों के हित में कृषि कानून: भूपेंद्र सिंह
नहटौर। किसान संवाद कार्यक्रम में पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि कानून किसानों के हितों के लिए हैं। कुछ लोग अपनी हार से हताश होकर किसानों को गलत जानकारी देकर बहका रहे हैं।
शनिवार को गांव तकीपुरा में आयोजित किसान संवाद कार्यक्रम में पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों के हितों के लिए काम कर रही है। कृषि कानून इसका एक उदाहरण है। इन बिलों से किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मिलेंगे। अधिकांश किसान अपने खेतों में काम कर रहे हैं। विपक्षी लोग अपनी हार से हताश होकर कुछ किसानों को बहका कर आंदोलन कर रहे हैं। विधायक ओम कुमार ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से आम लोगों को लाभ मिल रहा है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, क्षेत्रीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव सिसौदिया, पूर्व सांसद डॉ यशवंत सिंह, जिला महामंत्री मुकेंद्र त्यागी, नवनिहाल सिंह, नवनीत चौधरी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता रक्षपाल सिंह व संचालन तिलकराज सैनी ने किया। कार्यक्रम में एक बुजुर्ग किसान ने बिलाई मिल का गन्ना बकाया भुगतान की समस्या को उठाया लेकिन उसकी बात को अनसुना कर दिया गया।
गन्ना किसान और मिलों के बीच भी कांट्रैक्ट फार्मिंग
फोटो
बरूकी। पंचायत राज मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने क्षेत्र में किसानों से संवाद कर उन्हें कृषि कानून के लाभ बताए। ग्राम कुम्हेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कृषि कानूनों के दूरगामी परिणाम होंगे और इससे किसानों की आमदनी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि कांट्रैक्ट फार्मिंग को लेकर किसानों को भ्रमित किया जा रहा है, जबकि किसानों और चीनी मिलों के मध्य कांट्रैक्ट फार्मिंग होती है। आज तक किसी भी किसान की जमीन कांट्रैक्ट फार्मिंग में चीनी मिल मालिकों ने नहीं छीनी है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पेंद्र सिंह निर्वाल ने तथा संचालन भाजपा किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष अवनीश निर्वाल ने किया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष सुभाष वाल्मीकि, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र धनौरिया, प्रांतीय मंत्री अनूप वाल्मीकि, मंडल अध्यक्ष मनोज बालियान, भूपेंद्र बॉबी, रमेश सिंह, हेमंत मलिक, देवेंद्र सिंह, सोपाल सिंह, जीतू शर्मा, दिनेश निर्वाल,नरेंद्र सिंह, विक्रांत देशवाल, शिव कुमार कश्यप आदि मौजूद रहे।