धामपुर मिल ने की 1.40 करोड़ क्विंटल गन्ना पेराई
धामपुर। धामपुर चीनी मिल का पेराई सत्र इस बार 30 अक्तूबर को चालू हुआ है। 27 फरवरी को पेराई सत्र के 119 दिन पूरे हो गए हैं। 119 दिन के पेराई सत्र के दौरान मिल ने अब तक करीब 1.40 करोड़ क्विंटल गन्ने की पेराई कर दी है। उम्मीद की जा रही है कि पेराई सत्र 15 से 20 मई तक संपन्न हो जाएगा। धामपुर चीनी मिल का क्षेत्रफल 50 हजार हेक्टेयर है। लगभग 25 हजार हेक्टेयर शेष है।
धामपुर चीनी मिल के उपाध्यक्ष एमआर खान ने बताया कि इस बार गन्ने का पेराई सत्र ठीक चल रहा है। इस बार धामपुर चीनी मिल का लक्ष्य दो करोड़ 35 लाख क्विंटल गन्ना पेराई करने का है। जिसके सापेक्ष 27 फरवरी तक एक करोड़ 40 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। जो लक्ष्य का करीब 55 से 60 प्रतिशत है। धामपुर चीनी मिल का करीब 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल है। चीनी मिल की रिकवरी ठीक है। उम्मीद जताई जा रही है, यदि चीनी मिल इसी प्रकार से चलती रही तो 15 से 20 मई तक गन्ने का पेराई सत्र संपन्न हो जाएगा। पिछले वर्ष धामपुर चीनी मिल का पेराई सत्र सात नवंबर को चालू हुआ था जो 11 जून को संपन्न हुआ था। पिछले साल चीनी मिल ने लगभग दो करोड़ 32 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई की थी।
किसानों को उपचारित गन्ने के बीज से बुआई करने का सुझाव
चीनी मिल के अधिकारियों ने बताया कि मिल द्वारा क्षेत्र के किसानों को सुझाव दिया जा रहा है कि वह सीओ 0238 व को. 118 गन्ने की प्रजाति की बुवाई करें। 0238 को उपचारित करके बुआई की जानी चाहिए। को. 118 और सीओ 15023 प्रजाति के गन्ने का बीज कम मात्रा में है। इसलिए किसान इन दोनों प्रजातियों के गन्ने को नर्सरी के रूप में तैयार करें। जिससे आगामी सत्र में गन्ने की बुवाई के लिए इस प्रजाति के बीज का टोटा न रहे।