अग्निपथ का विरोध, युवाओं ने किया प्रदर्शन
बिजनौर। भारत सरकार ने सेना में अग्निपथ योजना की घोषणा की है। जिसे लेकर युवाओं ने विरोध जताते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने अग्निपथ योजना को लेकर ज्ञापन दिया। जिसमें सरकार से विचार करने की मांग उठाई गई।
बृहस्पतिवार को वेटरन एसोसिएशन, पूर्व सैनिक संगठन ऑल इंडिया के बैनर तले तमाम युवकों ने गन्ना समिति में बैठक की। जिसमें अग्निपथ का विरोध किया गया। इसके बाद पैदल मार्च करते हुए युवक कलक्ट्रेट में पहुंचे। जहां रक्षामंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया। जिसमें कहा गया कि इस योजना से 18 साल की आयु में भर्ती होकर 22 साल में सेवानिवृत्त होने पर युवा बेरोजगार हो जाएंगे। कम उम्र में सेना में भर्ती होने पर आगे की पढ़ाई नहीं कर पाएंगे। रिटायरमेंट के बाद नौकरी नहीं मिलने पर किसी के भी बहकावे में आ सकते हैं।
कहा गया कि सबका साथ, सबका विकास के आधार पर अधिकारी वर्ग और नेताओं को भी इसमें शामिल किया जाए। चार वर्ष बाद होने वाली समीक्षा न्याय संगत है या नहीं, उसके लिए कोर्ट में याचिका दायर करने का अधिकार होना चाहिए। नौ सूत्रीय ज्ञापन में सेना में पिछले तीन सालों के सभी खाली पदों पर भर्ती करने की मांग उठाई। अग्निपथ पर पुन: विचार की मांग के साथ-साथ इस पर रोक लगाने की मांग भी उठाई। इस दौरान वेटरन के राष्ट्रीय प्रवक्ता हरवेंद्र सिंह राणा, पंकज, राजकुमार, नीटू, देवू, निशांत, संदीप राठी, सुमित कुमार, कार्तिक कुमार आदि युवक मौजूद रहे।