अग्निपथ : बेअसर रहा भारत बंद, अलर्ट रही पुलिस
बिजनौर। केंद्र सरकार ने सेना में अग्निपथ योजना की घोषणा की है। जिसके विरोध में देश में तमाम जगहों पर हिंसा हुई लेकिन बिजनौर में शांति बरकरार है। वहीं जिले में भारत बंद बेअसर रहा, सभी बाजार और दुकानें खुली थीं। हालांकि पुलिस अलर्ट मोड में रही। रेलवे स्टेशन पर पुलिस फोर्स को तैनात रही। साथ ही पूर्व सैनिकों और कोचिंग संस्थानों के जरिए पुलिस अग्निपथ के फायदे गिना रही है और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
सोमवार को एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह ने सवेरे ही सभी थाना प्रभारियों की माइक मीटिंग ली। उन्होंने पुलिस को अलर्ट रहने के निर्देश दिए। इसके अलावा बिजनौर रेलवे स्टेशन समेत जिले के प्रमुख स्टेशन पर पुलिस फोर्स की तैनाती रही। शाम होने तक पुलिस फोर्स अलर्ट रही और सुरक्षा व्यवस्था बनाते हुए ट्रेनों का संचालन कराया। उधर बाजारों में रोजाना की तरह दुकानें खुली रहीं। कहीं भी भारत बंद का असर नहीं दिखाई दिया।
किरतपुर में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने पूर्व सैनिकों के संग बैठक की। जिसमें कहा गया कि अग्निपथ को लेकर पुलिस का सहयोग करें। वहीं सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं को भी समझाया जाए। जिससे अग्निपथ के फायदों का उन्हें पता चल सके। कहा कि विरोध की आड़ मेें हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों में भी पूर्व सैनिकों और कोचिंग संचालकों की बैठक लेकर दिशा निर्देश दिए। साथ ही पुलिस युवाओं की गतिविधियों पर भी नजर रखे हुए है। युवाओं की नब्ज टटोलने के लिए एलआईयू को भी लगाया गया है।
वर्जन::
अग्निपथ के विरोध में बाजार बंद के आह्वान का जिले में कोई असर नहीं रहा। सभी बाजार खुले रहे। हालांकि पुलिस को अलर्ट रहने के लिए निर्देश दिए गए है।....डॉ. धर्मवीर सिंह, एसपी