बिजनौर में जजी चौक पर जाम लगाकर विधायक रुचिवीरा का पुतला फूंकते अधिवक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर केगांव पेद्दा में हुई घटना में अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उनके पिता दिलावर सिंह को नामजद किए जाने के विरोध में अधिवक्ताओं ने जजी चौक पर जाम लगाकर सपा विधायक रुचि वीरा का पुतला फूंका।
जिला बार एसोसिएशन की अध्यक्ष राजीव चौहान की अध्यक्षता व सचिव अजीत पंवार के संचालन में हुई बैठक में अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उसके पिता गांव पेद्दा के प्रधान दिलावर सिंह की नामजदी को गलत बताया गया। बैठक में कहा गया कि घटना के वक्त दोनों मौके पर मौजूद नहीं थे। बैठक में निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उसके पिता का नाम इस घटना से नहीं निकाला गया एवं किसी अन्य निर्दोष अधिवक्ता का नाम इसमे शामिल किया गया तो जिला बार इसका विरोध करेगी। नामजदगी के विरोध में वकीलों ने जजी चौराहे पर एकत्र होकर जाम लगाया। वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधायक रुचि वीरा का पुतला फूंका। मौके पर पहुंचे एसडीएम अनुज सिंह व सीओ रामानंद कुशवाहा को वकीलों ने पुलिस महानिदेशक के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
दोपहर बाद जिला बार अध्यक्ष राजीव चौहान, सचिव अजीत पंवार, पूर्व अध्यक्ष एसके बबली, सिविल बार अध्यक्ष खुर्शीद मोहसिन जैदी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल डीआईजी ओंकार सिंह से मिला। वकीलों ने वार्ता के दौरान इस मामले में नामजद अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उसके पिता का नाम निकाले जाने व इस प्रकरण में किसी अन्य अधिवक्ता का नाम न शामिल किए जाने की डीआईजी से मांग की। जिला बार अध्यक्ष व सचिव के अनुसार डीआईजी ने आश्वासन दिया है कि साक्ष्य के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के आधार पर हड़ताल स्थगित करते हुए बुधवार से न्यायालय में कार्य करने का निर्णय लिया है। प्रतिनिधि मंडल में जिला बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित राठी, मुकुल राठौड़, चरत सिंह, निरंकार सिंह, विनीश उर्फ बब्लू, रेवेन्यू बार अध्यक्ष रामराव शामिल रहे।