न्यायिक कार्यों से विरत रहे वकील
जजी का मंडावर रोड की ओर खुलने वाले गेट को बंद करने पर नाराजगी
बिजनौर। जजी का मंडावर रोड की ओर खुलने वाले गेट को बंद कर देने से नाराज वकील जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर गेट खोलने की मांग को लेकर दूसरे दिन भी न्यायिक कार्यों से विरत रहे। उधर, सुरक्षा मामलों की सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने बिजनौर में वकीलों की हड़ताल पर नाराजगी जताई और वकीलों से कहा है कि वे जिला जज, डीएम और एसपी से अपनी समस्याएं बताएं।
जिला बार एसोसिएशन की जिला बार अध्यक्ष एसके बबली की अध्यक्षता तथा महासचिव नवदीप सिंह के संचालन में बृहस्पतिवार को हुई बैठक में कहा गया कि जजी परिसर में मंडावर रोड की तरफ जजी चौक की ओर खुलने वाले गेट को स्थाई रूप से बंद किए जाने का कोई औचित्य नहीं है। इस संबंध में जिला बार एसोसिएशन की ओर से जिला जज जयश्री आहूजा को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का निदान नहीं हो पाया।
बैठक में कहा गया कि अधिवक्ताओं और उनके मुंशियों के लिए मंडावर रोड वाले गेट से पैदल आने-जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में कहा गया कि वकील भी सुरक्षा मापदंडों को चाहते हैं। इस मामले में प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं। फिर भी जजी में सिर्फ एक गेट खुले रहने से वादकारी और अधिवक्ताओं को दिक्कत हो रही है। वकीलों ने मांग की है कि मंडावर रोड की तरफ वाले गेट को वकीलों और उनके मुंशियों को पैदल प्रवेश करने की अनुमति दी जाए।
उधर, हाईकोर्ट के अधिवक्ता भुवनेश कुमार सिंह के अनुसार कोर्ट में सुरक्षा सुनिश्चित करने के मामले में हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जिसमें डीजीपी और मुख्य सचिव शामिल भी हुए। हाईकोर्ट ने उनसे जनपद न्यायालयों सहित सभी अदालतों की सुरक्षा के रोडमैप के साथ पेश होने को कहा है। अगली सुनवाई 17 जनवरी को होगी।