क्लेम की धनराशि खर्च नहीं कर पाए अस्पताल
बिजनौर। प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना में मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए खर्च किया जाने वाला पैसा अभी तक खर्च नहीं हो पाया है। इस योजना में चयनित जिले के सभी चारों सरकारी अस्पतालों के पास करीब साढ़े आठ लाख रुपये क्लेम के शेष हैं। अफसरों के अनुसार जिला अस्पताल की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के खाते में लगभग पांच लाख रुपये, जिला महिला अस्पताल के खाते में मुख्यालय से तीन लाख रुपये रिलीज किए गए थे। जबकि धामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अकाउंट में 27 हजार रुपये और अफजलगढ़ के खाते में 21 हजार रुपये की धनराशि भेजी गई थी।
प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 सितंबर 2018 को झारखंड की राजधानी रांची से किया था। इस योजना में देश के करीब 10 करोड़ परिवारों के 50 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ देना है। जिले में लगभग दो लाख लोगों का इस योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। लेकिन आशा के अनुरूप इन अस्पतालों में मरीजों को सुविधा नहीं मिल पा रही हैं।
जिले के जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामपुर और अफजलगढ़ को इसमें चयनित किया गया था। अफसरों के अनुसार इन अस्पतालों में आने वाले रोगियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलें इसके लिए शासन से रोगियों के कल्याणार्थ क्लेम की धनराशि जारी की जाती है। जिला अस्पताल के रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) खाते में लगभग पांच लाख रुपये, जिला महिला के अस्पताल के खाते में करीब तीन लाख रुपये और धामपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के खाते में करीब 27 हजार रुपये तथा अफजलगढ़ के खाते में लगभग 21 हजार रुपये की धनराशि जारी की गई है। सूत्रों के अनुसार अभी तक यह पैसा खर्च नहीं हो पाया है। सीएमओ डाक्टर विजय कुमार यादव ने बताया कि क्लेम का पैसा सीधा रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के खाते में आता है। इस समिति के अध्यक्ष संबंधित अस्पतालों के इंचार्ज होते हैं। वे अपने अस्पतालों में जरूरत के हिसाब से इस पैसे को खर्च कर सकते हैं।