बिजनौर। अब महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज बिजनौर में चिकित्सकों के साथ-साथ नर्सिंग स्टाफ भी तैयार होगा। स्वाहेड़ी में मेडिकल कॉलेज भवन में ही बीएससी नर्सिंग के लिए भी भवन तैयार हो रहा है। इसका अभी तक 34 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। माना जा रहा है कि अगले साल शुरू होने वाले सत्र में प्रवेश भी शुरू हो सकते हैं।
महात्मा विदुर मेडिकल कॉलेज दो हिस्सों में बन रहा है। इसमें जहां पढ़ाई होगी, वह हिस्सा स्वाहेड़ी में बन रहा है। 200 बेड का अस्पताल जिला अस्पताल परिसर में बन रहा है। वर्तमान में 100 सीटों पर एमबीबीएस के छात्रों की पढ़ाई शुरू हो चुकी है।
विज्ञापन
उधर, सरकार की मंशा है कि मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के साथ-साथ पैरामेडिकल कोर्स भी शुरू किए जाएं। इसके तहत बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई शुरू करने की तैयारी काफी तेजी से चल रही है। स्वाहेड़ी में बीएससी नर्सिंग के लिए तैयार हो रहे भवन का निर्माण 34 प्रतिशत तक हो चुका है। बचा हिस्सा अगले एक साल में तैयार हो सकता है।
मेडिकल कॉलेज प्राचार्या उर्मिला कार्या ने शासन को पहले ही इसके लिए जरूरी स्टाफ, फैकल्टी आदि की सूची भेज दी है। उधर, जिले के छात्र-छात्राओं को इसका बड़ा लाभ फीस को लेकर मिलेगा। वहीं योग्य फैकल्टी से पढ़ाई का स्तर भी सुधरेगा।