कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन
बिजनौर। प्रशासन ने श्रावण मास की कांवड़यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को एडीजी बरेली अविनाश चंद्र ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जिले के अधिकारियों को कांवड़ यात्रा को लेकर कड़े निर्देश दिए। कहा कि जहां सड़कों में गड्ढे हैं उन्हें तुुरंत बंद करा दिया जाए। कोई भी शिविर बिना अनुमति के नहीं लगे। शिविर में कोविड से बचाव के नियमों का पालन किया जाए।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा 25 जुलाई से शुरू हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को हरी झंडी दे दी है। प्रशासन कांवड़ यात्रा की तैयारी में जुट गया है। बिजनौर से कई राज्य व जिलों के भोले के भक्त कांवड़ व गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं। सोमवार को एडीजी बरेली अविनाश चंद्र ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये कड़े निर्देश दिए। कहा कि कांवड़ यात्रा के मार्ग में सड़कों में जहां गड्ढे हैं उन्हें भरवा दिया जाए। बिजली की जो लाइन टूटी व ढीली हैं उन्हें ठीक किया जाए। पेड़ों की टहनियों का छटान करा दिया जाए। कांवड़ यात्रा के जो शिविर लगाए जाएं उनमें कोविड 19 के नियमों का पालन होना चाहिए। शिविर में सुरक्षा के इंतजाम हों। शिवालयों की साफ सफाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के मार्ग का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। एसपी डा.धर्मवीर सिंह के मुताबिक मंगलवार को मुरादाबाद में कांवड़ यात्रा को लेकर कमिश्नर व डीआईजी की बैठक बुलाई गई है। बुधवार को डीआईजी बिजनौर आकर कांवड़ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस दौरान पीडब्लूडी, विद्युत, नगर पालिका, वन विभाग, पुलिस के अधिकारियों के अलावा एसडीएम व सीओ मौजूद रहे।