बिजनौर में पेद्दा कांड में भाजपा नेता ऐश्वर्य चौधरी उर्फ मौसम का नाम शामिल किए जाने के विरोध में वकीलों ने जजी चौक पर जाम लगाकर विरोध प्रकट किया। वकीलों ने प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत भी रहे। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम अनुज सिंह को सौंपकर मामले में ऐश्वर्य चौधरी का नाम निकलवाने की मांग की।
जिला बार हॉल में जिला बार अध्यक्ष राजीव चौहान की अध्यक्षता व सचिव अजीत पंवार के संचालन में हुई बैठक में कहा गया कि पेद्दा कांड में अधिवक्ता प्रफुल चौधरी व उनके पिता दिलावर सिंह के बाद अधिवक्ता ऐश्वर्य चौधरी का नाम भी शामिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि डीआईजी मुरादाबाद ओंकार सिंह ने बिना ठोस साक्ष्य के अधिवक्ता के खिलाफ कार्रवाई होने या किसी अन्य अधिवक्ता का नाम शामिल न करने का आश्वासन वकीलों को दिया था। बैठक में आश्ववासन के बावजूद ऐश्वर्य चौधरी का नाम शामिल करने की निंदा करते हुए दोनों अधिवक्ताओं के नाम मामले से निकालने व मामले की निष्पक्ष जांच कराकर किसी भी निर्दोष को न फंसाने की मांग की गई। बैठक के बाद अधिवक्ता जजी चौक पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जाम लगाया। वहां उन्होंने कहा कि जब तक ऐश्वर्य चौधरी का नाम नहीं निकाला जाएगा, वकीलों का आंदोलन जारी रहेगा। राजीव चौहान के अनुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि इस केस में ऐश्वर्य चौधरी के लिप्त होने का कोई सबूत नहीं मिला है। किसी के कहने पर ऐश्वर्य चौधरी को आरोपी नहीं बनाया जाएगा।
आश्वासन के बाद वकीलों ने एक घंटे बाद जाम खोल दिया और जजी में चले गए। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष चरत सिंह व पूर्व सचिव रविंद्र सेढ़ा, निपेंद्र देशवाल, युवा बार के पूर्व अध्यक्ष अनुज चौधरी, युवा बार सचिप अश्वनी कुमार, विनीश बब्लू, नवदीप सिंह, मुकुल राठौड़, प्रमोद शर्मा आदि मौजूद रहे।
वहीं नगीना मंे बार एसोसिएशन नगीना ने बिजनौर के गांव पेद्दा प्रकरण के मामले में निर्दोष अधिवक्ता ऐश्वर्य चौधरी उर्फ मौसम व प्रफुल्ल कुमार का नाम निकाले जाने की मांग को लेकर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन तहसीलदार नगीना परमानंद झा को सौंपा। विरोध स्वरूप समस्त अधिवक्ता कार्य से विरत रहे तथा मुंसफी गेट पर बिजनौर सपा विधायक रुचिवीरा का पुतला फूंका।बार एसोसिएशन कार्यकारिणी के बार अध्यक्ष नरेंद्र कुमार चौहान व महासचिव नवेद इकराम के संचालन में हुई बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रकरण में दो निर्दोष अधिवक्ता ऐश्वर्य चौधरी उर्फ मौसम व प्रफुल्ल कुमार के नाम शामिल किए जाने की निंदा की गई व नाम निकालने की शासन व प्रशासन से मांग की गई। बैठक में जिला बार एसोसिएशन का समर्थन किया गया तथा आज समस्त अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहे।
बाद में बार अध्यक्ष व महासचिव के नेतृत्व में पूर्व बार अध्यक्ष अशोक त्यागी, दीपक सक्सेना, वीरेंद्र सिंह, संजय अग्रवाल, जयपाल सिंह, सईद अहमद, राजेंद्र पाल, कौसर इकबाल, प्रदीप चौधरी, अनूप सिंह, बलराम सिंह, संजीव चौधरी, देवेंद्र चौधरी, वेदप्रकाश शर्मा, शरद विश्नोई, राकेश अग्रवाल, दीपक जोशी के नेतृत्व में अधिवक्तागण मुंसफी के गेट पर नारेबाजी करते हुए बिजनौर सपा विधायक रुचिवीरा का पुतला फूंका और एसडीएम परिसर पहुंचकर तहसीलदार को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे वकील
चांदपुर। तहसील बार एसोसिएशन की बैठक में वकीलों ने बिजनौर के गांव पैद्दा प्रकरण में अधिवक्ता को फंसाए जाने की घोर निंदा कर विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे। बुधवार को तहसील परिसर में नागेंद्र सिंह एडवोकेट की अध्यक्षता व नईम हैदर जैदी के संचालन में हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जिला बार एसोसियेशन के अध्यक्ष राजीव चौहान के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल डीआईजी मुरादाबाद से मिला और अधिवक्ता प्रफुल्ल चौधरी व उनके पिता को गलत तौर पर फंसाए जाने की बात की। जिस पर डीआईजी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था, लेकिन उसके बाद भी एक अन्य युवा अधिवक्ता ऐश्वर्य चौधरी उर्फ मौसम को गलत तौर पर पैद्दा प्रकरण में नामित कर दिया गया। तहसील बार एसोसिएशन ने इसकी घोर निंदा की और विरोध में न्यायिक कार्य से विरत रहे। तहसील पर प्रदर्शन करने वालों में सुरेंद्र सिंह पंकज, हरिश्वर सिंह अभिषेक मलिक, नीरज तिवारी, यशवीर सिंह, शेखर चौधरी आदि मौजूद रहे।
ऐश्वर्य को फंसाने की साजिश
बिजनौर। जिला बार के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित राठी के अनुसार भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेता साजिश के तहत पेद्दा प्रकरण में ऐश्वर्य चौधरी का नाम अन्य मुल्जिमान से दिलाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी के लोग भी उन्हें फंसाने में लगे हैं। एफआईआर में किसी भी पीड़ित ने ऐश्वर्य चौधरी का नाम नहीं लिया है। अधिवक्ता व जनता ऐश्वर्य चौधरी के साथ है। ऐश्वर्य चौधरी को न्याय दिलाने तक अधिवक्ता संघों की लड़ाई जारी रहेगी।