नजीबाबाद। श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर से रविवार को श्री आदिनाथ भगवान की भव्य रथयात्रा निकाली गई। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में जैन श्रद्धालुओं ने अहिंसा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने अहिंसा परमो धर्म, जियो और जीने दो के जयघोष लगाए।
रथयात्रा श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर से श्रीजी का रथ और धर्म ध्वजाओं के साथ रवाना हुई। यह यात्रा अपने परंपरागत मार्ग जगन्नाथ चौक, कल्लूगंज सब्जी मंडी और चौक बाजार से गुजरी। इसके बाद रथयात्रा एमडीकेवी इंटर कॉलेज पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने श्रीजी का अभिषेक किया। वापसी में यह चौक बाजार से मोहल्ला बालकराम होते हुए मंदिर में संपन्न हुई। यात्रा से पहले समाज के इंटर व हाईस्कूल के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रधान दीपक जैन, मंत्री नीरज जैन सहित समस्त जैन समाज उपस्थित रहा।
रथयात्रा में पुण्य अर्जन की बोली पारसनाथ जैन ने लगाई। कुबेर की बोली पीयूष जैन ने, सारथी की नवकार जैन ने और सौधर्म इंद्र की कपिल जैन ने लगाई। ईशान इंद्र की बोली ज्ञानचंद जैन ने लगाई। श्रीजी की आरती प्रीति जैन और सुमित जैन ने की, जबकि यात्रा का शुभारंभ कुशमंदनी जैन ने किया।