रोडवेज बसों में वसूला जा रहा अतिरिक्त किराया
बिजनौर। रोडवेज बसों के किराए में बिजनौर से नजीबाबाद रूट पर दो से तीन रुपये का अंतर है। रोडवेज बसों में एक समान किराया न होने के कारण परिचालकों और यात्रियों में झड़पें होती रहती हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश परिवहन निगम के किराए में दो से तीन रुपये तक का अंतर है। यात्रियों ने निगम के अधिकारियों से सभी डिपो की बसों में एक समान किराया लागू कराने की मांग की है।
अभी तक लंबी दूरी की बसों में अतिरिक्त किराया वसूलने की बात सामने आती रही हैं, मगर अब कम दूरी वाले रूट पर भी किराये में दो से तीन रुपये का अंतर आ रहा है। बिजनौर से नजीबाबाद की दूरी मात्र 33 किमी है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने बिजनौर से नजीबाबाद रूट पर किराया 40 रुपये निर्धारित कर रखा है। बिजनौर डिपो की बसों में यात्रियों से 40 रुपये किराया वसूला जाता है, जबकि उत्तराखंड परिवहन निगम के किसी भी डिपो की बसों में यही किराया दो रुपये तक अतिरिक्त लिया जा रहा है। प्रतिदिन बिजनौर से नजीबाबाद सफर करने वाले यात्री राजनारायण, संजीव कौशिक, प्रमोद भुईयार, सत्यप्रकाश सिंह, साहिल वर्मा आदि ने बताया कि उन्होंने कई बार इस बारे में अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। एक ही रूट पर चल रही रोडवेज बसों में अलग-अलग डिपो की बसों में किराया भी अलग-अलग लिया जा रहा है। बिजनौर बस स्टैंड प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि सभी राज्यों में किराया अलग अलग होने के कारण यह समस्या है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में एक रुपये पांच पैसे प्रति किलोमीटर और उत्तराखंड एवं अन्य राज्यों की बसों में 1.26 रुपये प्रति किमी के हिसाब से किराया वसूला जाता है, इसलिए किराये में दो से तीन रुपये का अंतर है।