सड़क निर्माण में घटिया सामग्री लगाने का आरोप
नांगलसोती। ग्रामीणों ने गांव कामराजपुर से लालपुर सोजीमल तक बनी सड़क में घटिया निर्माण सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों के हंगामे के बाद लोनिवि के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क की गुणवत्ता की जांच की।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत गांव कामराजपुर से तिसोतरा, गौसपुर होते हुए लालपुर सोजीमल तक करीब पांच करोड़ की लागत से साढ़े सात किलोमीटर सड़क का निर्माण हुआ है। गौसपुर के ग्रामीण भूपेंद्र सिंह, अवनीश, अरविंद, दीपक कुमार, सत्येंद्र सिंह, वीरेंद्र पाल सिंह, महिपाल सिंह, मुकेश कुमार, नीरज कुमार, बंटी का कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। जिस कारण मार्ग के निर्माण के बाद से ही सड़क की बजरी उखड़ रही है। मार्ग पर दोपहिया वाहनों के फिसलने का भय बना है। ग्रामीणों ने लोनिवि और सड़क निर्माण संबंधी ठेकेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों के हंगामे के बाद जांच करने पहुंचे लोनिवि के जेई सचिन कुमार और एई रमेश चंद्र वर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य मानक के अनुरूप किया गया है, जांच में गुणवत्ता सही पाई गई।