वोटों की गिनती में धांधली का आरोप
धामपुर। नहटौर क्षेत्र के गांव सप्पर शिकोहपुर उर्फ खदाना के ग्रामवासियों ने पंचायत चुनाव में प्रधान व बीडीसी पद के वोटों की गणना में धांधली होने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है।
ग्राम वासियों का कहना है कि अधिकारियों ने उनके गांव में ग्राम प्रधान प्रत्याशी और बीडीसी मेंबर के वोटों की गणना में गड़बड़ी की है। शिकायत करने के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं की। उन्होंने मुख्यमंत्री से से शिकायत कर वोटों की गणना को सही प्रकार से कराने की मांग की है। गांव के संजय कुमार चौहान, बालेश कुमार, नवनीत कुमार, संजू देवी, उषा देवी, भूपेंद्र कुमार आदि ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत में बताया कि जब उनके वोटों की गिनती का समय आ गया था तो अधिकारियों ने इसकी उन्हें सूचना भी नहीं दी। उनकी गैर मौजूदगी में वोटों की गिनती कर डाली। यहां पर बैलेट बाक्स पर लगी सील भी पहले से टूटी थी। ग्रामीणों ने बताया कि उनके द्वारा मुख्य निर्वाचन अधिकारी लखनऊ से भी शिकायत की गई है। संवाद