नहटौर। धामपुर क्षेत्र के निजी नर्सिंग होम में कार्यरत दलित युवती से दुष्कर्म के मामले में शनिवार को विधायक ओम कुमार पीड़िता के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और न्याय दिलाने का भरोसा दिया। तल्ख तेवर में विधायक ने आरोपी के अस्पताल और संपत्ति पर बुलडोलर चलवाने की मांग रखी। उधर विधायक के गांव पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को आरोपी का अस्पताल सील कर दिया।
नहटौर क्षेत्र की एक युवती ने धामपुर पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि वह धामपुर के हबीबवाला स्थित एक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत थी। गैर संप्रदाय केे नर्सिंग होम संचालक फैजान ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में शादी का झांसा देकर उसे चुप रहने के लिए कहा। पीड़िता ने गर्भवती होने पर गर्भपात का दबाव बनाने और मानसिक उत्पीड़न का भी आरोप लगाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
परिजनों ने विधायक को बताया कि मामले में अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। इस पर विधायक ने अधिकारियों को मौके पर बुलाकर प्रकरण की जानकारी ली। उन्होंने मामले में एससी-एसटी एक्ट, जबरन धर्मांतरण और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही फोन पर डीएम और एसपी से वार्ता कर आरोपी की संपत्ति पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
विधायक ने कहा कि यदि मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो वह इसे मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पीड़िता के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर दूसरे आरोपियों से करवाया गया। यह गैंगरेप का मामला है जबकि मामला एक ही आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया। उन्होंने धर्म बदलवाने और मांस खिलाने का भी आरोप लगाया।
इस दौरान भाजपा जिलामंत्री तिलक राज सैनी, तहसीलदार धनराज सिंह, सीओ राजेश कुमार सोलंकी, प्रभारी निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, प्रभारी धामपुर मृदुल सिंह, राजस्व निरीक्षक ओमवीर सिंह, लेखपाल ब्रह्म सिंह रवि मौजूद रहे। उधर विधायक के गांव पहुंचते ही स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को आरोपी का अस्पताल सील कर दिया।
आरोपी ने नाम के आगे लिखा था बीएएमएस
नहटौर। डिप्टी सीएमओ डॉ. केके राहुल का कहना है कि युवती से दुष्कर्म करने वाले चिकित्सक फैजान ने अपने अस्पताल में खुद के नाम के आगे बीएएमएस लिखा था। अस्पताल को सील कर दिया गया है। आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को पत्र लिखकर अस्पताल और चिकित्सक के पंजीकरण के बारे में पूछा गया है। संवाद